जमशेदपुर, झारखंड : शहरी स्वच्छता में जमशेदपुर का दबदबा कायम है। स्वच्छता सर्वेक्षण रैंकिंग में जमशेदपुर ने 3 से 10 लाख की आबादी में पूरे देश के स्वच्छ शहरों में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। साथ ही साल 2019 से झारखंड में पहले स्थान पर कायम है। केवल इतना ही नहीं जमशेदपुर को फाइव स्टार रेटिंग और वाटर प्लस शहरों की सूची में भी जगह मिली है।जमशेदपुर ने कुल 12, 500 अंकों में शानदार 11,588 अंक प्राप्त किया और पूर्व में हासिल 43वें स्थान से लंबी चलांग लगाकर पूरे देश में तीसरे स्थान पर आकर शानदार उपलब्धि हासिल की है और जमशेदपुर को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों विज्ञान भवन में सम्मान मिला है।आज सम्मान के साथ जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार पहुंचे। जहां ढोल, नगाड़ों और अबीर गुलाल के साथ उनका स्वागत किया गया।इस अवसर पर श्री कृष्ण कुमार ने सफाई कर्मियों और जमशेदपुर वासियों के बीच लड्डू का भी वितरण किया। इस अवसर पर जमशेदपुर के स्वच्छता के ब्रांड एंबेसडर पप्पू सरदार ने भी हिस्सा लिया।
मीडिया से बात करते हुए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण जमशेदपुर में 2016 से शुरू हुआ। इस बार पूरे देश से 4,559 शहरों ने भाग लिया। जमशेदपुर में 42 दिनों तक पूरे शहर का सर्वेक्षण एवं आकलन किया गया। फाइव स्टार रेटिंग के लिए भी अलग से टीम आई हुई थी।उन्होंने कहा कि पूरे भारतवर्ष में तीसरा स्थान मिलने पर राष्ट्रपति महोदया द्रौपदी मुर्मू के हाथों जो सम्मान मिला, उसको हम व्यक्त नहीं कर सकते हैं।उन्होंने कहा कि जुस्को एवं जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति ने साथ मिलकर दिन-रात काम किया है और इसमें सबसे बड़ी भूमिका स्वच्छता कर्मियों की है।उन्होंने कहा कि हम लोग आगे भी योजना बना रहे हैं कि कैसे जमशेदपुर को पूरे देश भर में नंबर वन में लाएं। उन्होंने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि विज्ञान भवन में बैठना ही एक अलग एहसास कराता है। इस अवसर पर जमशेदपुर वासियों में भारी उत्साह देखा गया।
