पाकुड़,,झारखंड : पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने चोरी की मोटरसाइकिल सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दयानंद आजाद ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में सागर मंडल, कुलदीप मंडल और चंदन कुमार राय उर्फ साजन शामिल हैं। ये सभी जिला पाकुड़ के निवासी हैं। एसडीपीओ ने बताया कि यह कार्रवाई मालपहाड़ी ओपी थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के एक मामले के आधार पर की गई। पीड़ित अलाउद्दीन विश्वास ने 3 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या JH16E 2652) उनके घर के सामने से चोरी हो गई थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया, जिसके दौरान तीनों अभियुक्तों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान तीनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस की ओर से आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई जारी है। इस कांड के खुलासा में ओपी प्रभारी राहुल कुमार गुप्ता की अहम भूमिका थी।
Author: Desh Live News



