बोकारो : बोकारो जिला के पेटरवार थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए, सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। गुरुवार देर शाम चार हथियारबंद अपराधियों ने सरकारी शराब दुकान में धावा बोलते हुए करीब साढ़े 5 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। घटना के दौरान अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग भी की, लूट की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।
गौरतलब है कि घटना स्थल से पेटरवार थाना की दूरी मात्र 600 मीटर और पूर्व विधायक लंबोदर महतो का आवास महज 250 मीटर दूर है, इसके बावजूद अपराधियों ने पूरी बेफिक्री से वारदात को अंजाम दिया।
घटना के संबंध में दुकान के सेल्समैन ने बताया कि वे शौच के लिए बाहर निकले थे, उसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधी पहुंचे और उन्हें पकड़कर दुकान के अंदर ले आए। कनपटी पर पिस्तौल सटाकर उन्होंने कैश के बारे में पूछताछ शुरू की और मारपीट करने लगे।
सेल्समैन ने बताया, पहले मुझे पीटा गया, फिर मेरे साथी को भी मारा। साथी से मोबाइल भी छीनने की कोशिश की गई। जब साथी ने मोबाइल देने से इनकार किया तो और पीटा गया। इसके बाद काउंटर से नकदी लूट ली गई। जाते-जाते उन्होंने मेरे पैर पर गोली चलाई, लेकिन मैंने पैर पीछे खींच लिया जिससे गोली काउंटर में जा लगी।
सूचना मिलने पर पेटरवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ऑफ कैमरा अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की बात कह रही है, लेकिन थाना से इतनी नजदीक और वीआईपी क्षेत्र में हुई इस लूट ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।









