जमशेदपुर: जमशेदपुर में 48 घंटे से लगातार हो रही बारिश से टाटानगर रेलवे यार्ड में देर रात से भारी जलजमाव हो गया। कई पटरियां पानी में डूब गईं। सिग्नल फेल हो गए। हालात बिगड़ते देख रेलवे ने गुरुवार को टाटानगर होकर चलने वाली 25 ट्रेनों को रद्द कर दिया। आठ ट्रेनों को डायवर्ट किया गया।
दक्षिण बिहार एक्सप्रेस, हावड़ा-मुंबई मेल, भुज-शालीमार, कुर्ला-शालीमार समेत 8 ट्रेनों को कांड्रा-चांडिल-पुरुलिया-मिदनापुर होकर चलाया गया। 4 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया। इससे टाटानगर स्टेशन पर हजारों यात्री फंस गए।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर हेल्प डेस्क बनाया गया। इधर, राखामाइंस के पास हावड़ा-मुंबई रेल लाइन की डाउन लाइन पर पटरी के नीचे से मिट्टी बह गई। इसकी सूचना मिलने पर दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल मिश्रा ने डीआरएम तरुण हुरिया के साथ यार्ड का निरीक्षण किया। राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। स्थिति पूरी तरह सामान्य होने में 24 से 48 घंटे लग सकते हैं।









