जमशेदपुर, झारखंड : उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार भू-विवाद से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन एवं समन्वित समाधान हेतु प्रत्येक गुरुवार को जिले में अंचल-सह-थाना दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष पहल के अंतर्गत अंचल एवं थाना की संयुक्त भागीदारी से जमीनी स्तर पर लंबित मामलों का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
आज आयोजित अंचल-सह-थाना दिवस में जिले के सभी अंचलों से संबंधित कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए, इनमें से 18 मामलों का त्वरित निष्पादन किया गया, जबकि शेष 11 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं, जिन पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई जारी है। अब तक इस पहल के माध्यम से कुल 537 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 381 मामलों का निष्पादन सफलतापूर्वक किया जा चुका है तथा शेष 156 मामलों पर सुनवाई एवं समाधान की प्रक्रिया प्रगति पर है।
जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान को ग्रामीण स्तर पर आपसी सहमति एवं प्रशासनिक पहल के साथ सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि भूमि संबंधी विवादों को न्यूनतम समय में सुलझाया जा सके।









