बोकारो, झारखंड : बोकारो जिला के चास थाना क्षेत्र के अलकुशा मोड़ के पास दिनांक 18 जुलाई को धोखाधड़ी और लूट की एक बड़ी घटना को अंजाम दिया गया था। राँची निवासी अभय आनंद द्वारा की गई शिकायत पर चास थाना कांड संख्या 101/25 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
पीड़ित अभय आनंद और उनके सहयोगियों को 65 लाख रुपये RTGS के जरिए भेजने पर 1.30 करोड़ रुपये नकद देने का लालच देकर धनबाद के कुमारडूबी में बुलाया गया। ठगों ने नकली नोटों से भरे फल के डिब्बे दिखाकर विश्वास में लिया और फिर VENUE व स्कॉर्पियो गाड़ियों से नकदी समेत फरार हो गए। अनुसंधान में सामने आया कि यह एक संगठित गिरोह है जो फर्जी कंपनियों के नाम पर कई बैंकों में खाता खोल कर इस तरह की धोखाधड़ी करता है। मुख्य आरोपी सुदर्शन कुमार उर्फ बंटी सिंह, रितिक सिंह, विक्की खान, नरेश मंडल और अमित साव हैं, जो झारखंड और बंगाल के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय हैं।
पुलिस द्वारा बोकारो, जामताड़ा, धनबाद और देवघर जिलों में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान में अब तक 34 लाख 50 हजार रुपये नकद और कई गाड़ियाँ जब्त की जा चुकी हैं। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह पूर्व में भी 38 लाख और 15 लाख की इसी तरह की ठगी कर चुका है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।









