रामगढ़, झारखंड : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जन-जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. पतरातू डैम का जलस्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ जाने पर कल शनिवार की देर रात प्रबंधन ने दो और फाटक खोल दिए थे और आज रविवार की सुबह दो और फाटक खोल दिए गए.
मालूम हो 2 जुलाई से ही डैम से जल निकासी की प्रक्रिया जारी है. पहले चार फाटकों से पानी छोड़ा जा रहा था, लेकिन लगातार बारिश के कारण अब सभी आठ फाटकों को खोल दिया गया है, जिससे 8500 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है.
डैम प्रबंधन ने बताया कि डैम की मूल क्षमता 1332 आरएल थी, जिसे बाद में घटाकर 1330 आरएल कर दिया गया. फिलहाल 1328 आरएल पर जलस्तर को नियंत्रित रखने का प्रयास किया जा रहा है. प्रबंधन की टीम लगातार डैम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
इधर फाटकों के खुलने के बाद दामोदर नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका जतायी जा रही है. रामगढ़ जिला प्रशासन ने दामोदर नदी से सटे निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. लोगों से नदी किनारे और डैम के आसपास अनावश्यक रूप से न जाने की हिदायत दी गयी है. संभावित आपदा से निपटने के लिए प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है.









