कोडरमा, झारखंड : कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र अंतर्गत गगरेसिंघा और योगिडीह गांव में चोरों ने 8 घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात व नगदी के चोरी की घटना को अंजाम दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार चोरों द्वारा थाना क्षेत्र के उक्त दोनों गांवों में कुछ बंद पड़े घर व कुछ घरों में लोगों को बंधक बनाकर उक्त चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है । घटना की जानकारी देते हुए अलग-अलग गृहस्वामी ने अपनी – अपनी आपबीती बताई है। थाना क्षेत्र के गगरे सिंघा निवासी चिंता देवी ने बताया कि चोरों द्वारा उनके घर से दो लाख रुपए नगद सहित लगभग एक लाख रुपए के सोने, चांदी के जेवरात, जमीन का केवाला व पासबुक की चोरी कर ली गई है। वहीं सुमित्रा देवी ने बताया कि बीती देर रात करीब 10 बजे वे लोग करमा का गीत गाकर अपने घर लौटे और सो गए थे। सुबह उठकर देखा तो पाया कि उनके घर से एक लाख रुपए नगद की चोरी हो चुकी थी। गगरे सिंघा की ही बिंदकी देवी ने बताया कि बीती रात वे लोग अपने पुराने मकान में ताला जड़कर अपने नए मकान में सोने के लिए चले गए थे। सुबह चोरी का हल्ला होने पर वे अपने पुराने मकान पहुंची तो देखा कि वहां का ताला टूटा हुआ था। वहीं उक्त घर से तीस हजार रुपए नगद सहित लगभग एक लाख रुपए के सोने चांदी के जेवर की चोरी हो चुकी थी। वहीं कमलेश मसोमात के कमरे से पेंशन का चार हजार रुपए गायब थे। कारू साव ने बताया कि उनके घर से चोरों द्वारा बीस हजार रुपए के बर्तन सहित 60 हजार रुपए का जेवर चोरी हुआ है। इधर योगिडीह गांव निवासी रामदेव साव ने बताया कि उनके घर से लगभग 10 हजार रुपए के जेवरात व दो हजार रुपए नगद की चोरी हुई है। वहीं मारिमा खातून ने बताया कि वे लोग पूरा परिवार अपने किसी बीमार परिजन को देखने के लिए बल्हारा गए थे। सुबह जब वे अपने गांव लौटीं तो देखा कि उनके घर का ताला टूटा हुआ था और घर से 11 हजार रुपए नगद सहित दो लाख रुपए का जेवर चोरी लर लिया गया है। इसके अलावे खीरुधर साव, कमल पति साव, लालमन साव पंकज साव और लखपत साव के घर में भी चोरों द्वारा चोरी का असफल प्रयास किया गया। उक्त लोगों ने बताया कि चोरों द्वारा उनके घर का ताला तोड़ा गया और उनके कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी गई। वहीं चोरों को कुछ नहीं मिलने पर उनलोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा।
इधर घटना की सूचना मिलते ही मरकच्चो थाना प्रभारी नंदकिशोर तिवारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। बताते चलें कि अभी एक सप्ताह पूर्व भी मरकच्चो थाना क्षेत्र के नावाडीह में चोरों द्वारा एक मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था।
इस प्रकार से लगातार हो रही चोरी की घटना पुलिस के कार्यशैली पर भी सवाल खड़ी करती है। वहीं इन घटनाओं से आसपास के गांव के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ हैं।









