गिरिडीह, झारखंड : गिरिडीह के बेंगाबाद स्थित मुण्डराडीह गांव में महज 50 रुपए के लिए हुए हत्याकांड का खुलासा पुलिस नें कर लिया है। मंगलवार को पूरे मामले की जानकारी एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता कर दी।बताया गया कि इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल मृतक अनाऊल ने अपने मित्र से 200 रूपए कर्ज में लिया था और जिस दिन घटना घटी उस दिन उसे 150 वापस भी कर दिया गया था। लेकिन सिर्फ 50 रूपए बकाया के कारण यह घटना घट गई।
जानकारी के मुताबिक, 31 अगस्त की शाम बकाया 50 रुपये माँगने को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि देखते-ही-देखते खून-खराबे में तब्दील हो गया। इसी दौरान मकसूद अंसारी ने अपने साथी अनाउल अंसारी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया।घायल अनाउल को सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।इस वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने तुरंत विशेष जांच दल का गठन किया. सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में बनी टीम ने एक सितंबर को अशगन्दों जंगल से आरोपी मकसूद अंसारी को धर दबोचा.
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया खूनी चाकू भी बरामद कर लिया।बाद में आरोपी को को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।टीम में इंस्पेक्टर ममता कुमारी, बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार सिंह, एसआई विजय मंडल, रविन्द्र कुमार सिंह, विभुति देव, एएसआई बुधेश्वर सरदार, हवलदार प्रमोद दास, आरक्षी अजीत कुमार शामिल थे।









