आदित्यपुर के अंजनी प्लास्टिक इंडस्ट्रीज में अचानक भीषण आग लगने से मची अफरा – तफरी।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सरायकेला,झारखंड : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के फेज-2 स्थित अंजनी प्लास्टिक इंडस्ट्रीज में अचानक भीषण आग लग गई। प्लास्टिक ग्लास निर्माण करने वाली इस फैक्ट्री से उठती आग और घने धुएं ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के इस अभियान में दमकल कर्मियों के साथ स्थानीय लोग भी शामिल हुए और स्थिति को संभालने में मदद की। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानमाल की क्षति नहीं हुई, लेकिन फैक्ट्री को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि फैक्ट्री से निकलता धुआं दूर-दूर तक फैल गया। आसपास के इलाकों में भय और हड़कंप का माहौल बन गया था। अग्निशमन विभाग के पदाधिकारियों ने बताया कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। वहीं, कंपनी प्रबंधन द्वारा क्षति का आकलन शुरू कर दिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Desh Live News
Author: Desh Live News

Leave a Comment