उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक, खाद्यान्न वितरण की अद्यतन स्थिति, ई-केवाइसी, डाकिया योजना सहित अन्य विभागीय योजनाओं में प्रगति की हुई समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जमशेदपुर, झारखंड : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित आपूर्ति विभागीय योजनाओं, खाद्यान्न वितरण, ई-केवाइसी, राशन कार्ड डिलिशन, चना-नमक-चीनी वितरण, डाकिया योजना, ईआरसीएमएस पोर्टल पर लंबित आवेदन आदि की समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि खाद्यान्न से जुड़ी सभी योजनाएं आम जनता से सीधे जुड़ी होती हैं, इसलिए इसमें पारदर्शिता, समयबद्धता और उत्तरदायित्व सर्वोपरि है। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता नहीं होनी चाहिए। अगस्त माह के राशन वितरण में और तेजी लाते हुए लाभुकों को तय मात्रा में खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया ।  उपायुक्त ने सभी एमओ को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अयोग्य राशन कार्डधारियों की जांच कर तत्काल उनका नाम हटाने की कार्रवाई करें। ग्रीन राशन कार्डधारियों को मई से जुलाई माह तक के राशन वितरण में धीमी प्रगति पर अप्रसन्नता जताते हुए 15 दिनों के भीतर 90 फीसदी लक्ष्य प्राप्त करने के निदेश दिए । चना दाल वितरण में भी धीमी प्रगति पाई गई, 15 दिनों में सभी योग्य लाभुको के बीच वितरण सुनिश्चित करने के निदेश दिए गए।  उपायुक्त ने डाकिया योजना के अंतर्गत 5,131 पात्र परिवारों को घर-घर जाकर खाद्यान्न उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए कहा कि आदिम जनजाति परिवारों के प्रति संवेदनशील होकर ससमय राशन पहुंचायें। चना दाल, चीनी और नमक वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शत-प्रतिशत लक्ष्य सुनिश्चित करें एवं वितरण कार्य की निगरानी नियमित रूप से की जाए।

नवीन राशन कार्ड वितरण कार्य की समीक्षा में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कार्ड वितरण कार्य को तेजी से पूर्ण किया जाए। साथ ही, जिन लाभुकों या उनके परिजनों ने अबतक इ–केवाइसी नहीं कराया है उन्हें चिन्हित कर ई–केवाईसी करायें। ईआरसीएमएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन का निर्देश दिया गया । बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री सलमान जफर खिजरी, कार्यपालक दण्डाधिकारी सह एमओ श्री सुदीप्त राज उपस्थित रहे तथा सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, एमओ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी ऑनलाइन जुड़े।

Desh Live News
Author: Desh Live News

Leave a Comment