जमशेदपुर, झारखंड : हर साल अगस्त के पहले रविवार को मनाया जाने वाला फ्रेंडशिप डे जमशेदपुर में खास अंदाज में मनाया गया। शहर के सबसे लोकप्रिय पिकनिक स्पॉट और पर्यावरणिक सौंदर्य से भरपूर जुबली पार्क में रविवार को सुबह से ही युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा। इस मौके पर सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र बना एक विशेष पेड़, जिसे स्थानीय लोग “फ्रेंडशिप ट्री” कहकर पुकारते हैं।
स्थानीय लोगों और युवाओं का मानना है कि जुबली पार्क के इस विशेष पेड़ पर अगर कोई अपनी और अपने दोस्त की नाम लिख दे, तो उनकी दोस्ती सात जन्मों तक अमिट रहती है। यही वजह है कि हर साल फ्रेंडशिप डे पर यहां बड़ी संख्या में युवक-युवतियां जुटते हैं और पेड़ पर नाम, तारीख और दोस्ती से जुड़े संदेश अंकित करते हैं।
इस बार भी फ्रेंडशिप डे पर सुबह से ही जुबली पार्क में चहल-पहल शुरू हो गई। खासकर कॉलेज और स्कूल के छात्र-छात्राएं अपने दोस्तों के साथ इस पेड़ के नीचे पहुंचे। वहां केक काटने, फोटो खिंचवाने, और डांस करने का सिलसिला दिन भर चलता रहा।
हालांकि, इस पेड़ पर नाम अंकित करने की परंपरा को लेकर पर्यावरण प्रेमियों और प्रशासन की चिंताएं भी सामने आती रही हैं। कई बार यह मुद्दा उठा कि इस तरह पेड़ों की छाल पर खुदाई करना उन्हें नुकसान पहुंचाता है। लेकिन युवाओं का कहना है कि वे अब नाम लिखने की बजाय रिबन, रंग-बिरंगे धागे या फ्रेंडशिप बैंड्स बांधकर पेड़ के साथ अपनी दोस्ती का इज़हार करते हैं।
Author: Desh Live News



