हजारीबाग के बभनबे पहाड़ पर भूस्खलन, प्रशासन अलर्ट पर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हजारीबाग: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित बभनबे पहाड़ पर सोमवार सुबह भारी बारिश के चलते अचानक भूस्खलन हो गया। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण पहाड़ का बड़ा हिस्सा खिसककर नीचे आ गया, जिससे बड़ी मात्रा में मिट्टी और पत्थर गिर पड़े। घटना स्थल के पास करीब 500 मीटर की दूरी पर कई ग्रामीणों के घर हैं। हालांकि, किसी तरह की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन इलाके में डर का माहौल बन गया है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने ऐसा नजारा पहले केवल उत्तराखंड या अन्य पहाड़ी राज्यों में देखा था। इस बार की बारिश ने हजारीबाग में भी पहाड़ खिसकने जैसी घटनाएं दिखा दी हैं। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। मुफस्सिल थाना प्रभारी कुणाल किशोर ने बताया कि इलाके में एहतियात के तौर पर लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट पर रखा गया है और मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार आगे की तैयारी की जा रही है।

Desh Live News
Author: Desh Live News

Leave a Comment