अस्पताल की बाउंड्री बनाने पर हंगामा, ग्रामीण बोले- ‘हमारा रास्ता बंद हो गया ।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चतरा,झारखंड: प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 22 करोड़ की लागत से बन रहे नए अस्पताल भवन के चारों ओर बाउंड्री वॉल बनाने का काम शुरू होते ही ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस जगह पर गड्ढे खोदे गए हैं, वह उनके मोहल्ले को जोड़ने वाली मुख्य सड़क है। इस रास्ते के बंद हो जाने से कृष्णामुरारी मोहल्ला के लोगों को भारी परेशानी हो रही है। आपको बता दें कि अस्पताल भवन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन बाउंड्री वॉल का 30 प्रतिशत काम जमीन पर अतिक्रमण की वजह से रुका हुआ था। संवेदक की शिकायत पर, एसडीओ जहूर आलम के सख्त आदेश के बाद शुक्रवार को अंचलाधिकारी विकास कुमार टुडू और थाना प्रभारी कासिम अंसारी ने पुलिस बल के साथ मिलकर अतिक्रमण हटवाया था। प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी थी कि सरकारी जमीन पर काम में बाधा डालने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। आज सुबह, सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और पुरुष विरोध-प्रदर्शन करने के लिए सड़क पर उतर आए। उनका कहना था कि यह रास्ता सालों से उपयोग में है और इसे अचानक बंद कर देना गलत है। इस मामले को लेकर ग्रामीण धरने पर बैठ गए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन इस मामले पर फिर से विचार करे और उनके लिए कोई वैकल्पिक रास्ता निकाले। वहीं, प्रशासन ने अभी तक इस पर कोई बयान नहीं दिया है।

Desh Live News
Author: Desh Live News

Leave a Comment