बोकारो, झारखंड : बोकारो में बुधवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। बिरहोरडेरा के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और भाकपा माओवादी संगठन के बीच यह मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में कोबरा 209 बटालियन की टीम को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षाबलों ने 25 लाख के इनामी हार्डकोर नक्सली कुंवर मांझी सहित दो माओवादियों को ढेर कर दिया है। इस ऑपरेशन में कोबरा बटालियन का एक जवान भी शहीद हो गया।
सुरक्षाबलों से मिली जानकारी के मुताबिक, विशेष सूचना के आधार पर कोबरा 209 बटालियन ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया था। इसी दौरान नक्सलियों ने घात लगाकर हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हुई। जवाबी कार्रवाई में दो नक्सली मारे गए। मारे गए नक्सलियों में एक की पहचान कुख्यात कुंवर मांझी के रूप में हुई है, जिस पर सरकार ने 25 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वहीं, गोली लगने से एक जवान भी गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के क्रम में जवान शहीद हो गए। बिरहोरडेरा के जंगलों में सर्च ऑपरेशन अभी जारी है। दोनों नक्सलियों के शव को सुरक्षा बल ने बरामद कर लिया हैं। इनमें से एक नक्सली वर्दी में था, जबकि दूसरा सामान्य कपड़ों में था। घटनास्थल से एक एके-47 राइफल भी बरामद की गई है। मौके से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और नक्सली साहित्य भी बरामद हुआ है। इलाके में अब भी तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षाबलों को आशंका है कि कुछ अन्य नक्सली घायल अवस्था में भाग निकले हैं।
Author: Desh Live News



