जमशेदपुर, झारखंड: सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बारीडीह मर्सी अस्पताल के पास शुक्रवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और स्कूटी जलकर राख हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, स्कूटी का मालिक विजय मुंडा ड्यूटी से वापस लौट रहा था। रास्ते में गाड़ी का पेट्रोल खत्म हो गया। इसके बाद उसने नजदीकी पेट्रोल पंप से दो लीटर पेट्रोल भरवाया और पुनः घर की ओर जा रहा था। लेकिन मर्सी अस्पताल के पास अचानक स्कूटी बंद हो गई। विजय मुंडा ने कई बार गाड़ी को स्टार्ट करने का प्रयास किया। इसी दौरान अचानक स्पार्क हुआ और गाड़ी से धुआं निकलने लगा। देखते-देखते आग भड़क उठी।
स्थानीय लोग और स्कूटी चालक ने मिलकर मिट्टी, बालू आदि से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। पास में मौजूद पुलिस वाहन के जवानों ने भी प्रयास किया, लेकिन आग बुझाने में असफल रहे। इधर सूचना पाकर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई। स्कूटी मालिक विजय मुंडा ने बताया कि गाड़ी नई थी और उसने हाल ही में सर्विस करवाई थी। घटना से वह पूरी तरह आहत है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दमकल समय पर पहुंच जाता तो गाड़ी को जलने से बचाया जा सकता था। घटना की जानकारी पुलिस ने ली है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Author: Desh Live News



