जमशेदपुर: हत्या के मामले में जेल जा चुका बदमाश अंकुर सिंह एक बार फिर क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने कदमा इलाके से उसे उसके एक साथी के साथ लोडेड पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी हथियार के बल पर इलाके में अपनी धाक जमाना चाहते थे।
एसएसपी किशोर कौशल ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि रविवार रात करीब 11:30 बजे कदमा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एलआईसी ग्राउंड के पास दो युवक हथियार के साथ घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए बदमाशों में एक सोनारी थाना क्षेत्र के न्यू ग्वाला बस्ती निवासी अंकुर सिंह है, जो पहले हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। हाल ही में वह जेल से बाहर आया था और आते ही क्षेत्र में पुराना दबदबा कायम करने के लिए हथियार लेकर घूम रहा था। उसके साथ पकड़ा गया युवक सीताराम डेरा थाना क्षेत्र के न्यू बाराद्वारी देवनगर निवासी उदयभान सिंह है। पुलिस ने अंकुर सिंह के पास से एक लोडेड देशी पिस्तौल, दो कारतूस और एक आईफोन जबकि उदयभान सिंह के पास से एक लोडेड देशी पिस्तौल, एक कारतूस और एक आईफोन बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों की मेडिकल जांच एमजीएम अस्पताल में कराई गई, फिर उन्हें जेल भेज दिया गया।
Author: Desh Live News



