रिवॉल्वर की नोक पर 6.45 लाख की लूट का खुलासा: दो कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, लूट के रुपये और बाइक बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पाकुड़ : हिरणपुर थाना क्षेत्र के आसनजोला में हुई लूटकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। शनिवार को एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ ने बताया कि लूट की इस बड़ी घटना में शामिल दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके पास से लूट की राशि में से 25 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई है।

घटना 29 मई की है। पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले के पाईकर गांव निवासी केताबुल मल्लिक अपने पिता बसीरूद्दीन मल्लिक के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर आसनजोला की ओर जा रहे थे। तभी विष्णु मंडल, गुलाब साहा सहित अन्य अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर 6.45 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।30 मई को हिरणपुर थाना में कांड संख्या 56/2025 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में थाना प्रभारी हिरणपुर की अगुवाई में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

ताबड़तोड़ छापेमारी में पकड़े गए अपराधी

पुलिस टीम ने 13 जून को मुख्य आरोपी गुलाब साहा उर्फ गुलाबचंद्र साहा को पाकुड़ बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकारी। इसके बाद करण मंडल उर्फ करण कुमार मंडल को गोवा से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने भी जुर्म कबूल कर लिया।गुलाब साहा के पास से 15 हजार रुपये और करण मंडल के पास से 10 हजार रुपये बरामद हुए। साथ ही लूट में प्रयुक्त बाइक JH01 6C-5159 भी जब्त की गई।

अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला गया

करण मंडल पर डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े 8 से ज्यादा केस विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वहीं गुलाब साहा भी कोल माफिया से जुड़े मामले में पहले से आरोपी है। कांड उद्भेदन में पु.अ.नि. रंजन कुमार सिंह (थाना प्रभारी, हिरणपुर),पु.अ.नि. गौरीशंकर प्रसाद,पु.अ.नि. गोपाल कुमार महतो,पु.अ.नि. गौतम कुमार,स.अ.नि. दिलीप कुमार,स.अ.नि. किशोर टुडू,स.अ.नि. हरेराम यादव,स.अ.नि. गोविंद कुमार साह एवं आरक्षी 42 श्यामसुंदर यादव ने सक्रिय भूमिका निभाई। एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पाकुड़ पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Desh Live News
Author: Desh Live News

Leave a Comment