चतरा : कमिशन नहीं मिलने पर भड़के डीलर, समाहरणालय के सामने जताया विरोध..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चतरा : चतरा में जनवितरण प्रणाली के डीलरों ने अपने बकाया कमीशन के भुगतान और अन्य समस्याओं को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। डीलरों ने समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया। यह धरना राज्य ईकाई द्वारा सरकार का ध्यान आकृष्ट करने के उद्देश्य से किया गया है। फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज कुमार यादव ने बताया कि कोरोना अवधि की बकाया राशि के साथ-साथ मार्च 2023, सितंबर 2023, दिसंबर 2024, जनवरी 2025 से मार्च 2025 और अप्रैल से जुलाई 2025 तक के कमीशन का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। साथ ही झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत पिछले 18 माह से भी कमीशन भुगतान नहीं हुआ है, जिससे विक्रेताओं को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा, राज्य सरकार द्वारा गंभीर बीमार विक्रेताओं के नामांतरण आदेश भी जारी नहीं किए जा रहे हैं, जिससे उनके नामित व्यक्ति बेरोजगार हो रहे हैं। स्मार्ट PDS प्रणाली लागू होने के बाद विक्रेताओं को तकनीकी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है, जिनमें ऑनलाइन वितरण पोर्टल की समस्याएं, ई-KYC में बाधाएं और ई-पॉस मशीनों के उपयोग से संबंधित मुद्दे शामिल हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि सरकार उनकी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करे और अविलंब कमीशन भुगतान की दिशा में ठोस कार्रवाई करे।

Desh Live News
Author: Desh Live News

Leave a Comment