जमशेदपुर, झारखंड :जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह में पांच अगस्त की शाम छह बजे राजद नेता कन्हैया यादव के बेटे रवि यादव को गोली मार दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने एसएसपी कार्यालय सभागार में प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि आपसी झगड़े में रवि यादव पर फायरिंग की गई थी। पुलिस ने जिन बदमाशों को गिरफ्तार किया है उनमें बागबेड़ा का रहने वाला समीर कुमार सिंह पांडू और परसुडीह के रहने वाले संजय वर्मा और विवेक साह हैं। समीर कुमार सिंह पांडू नामजद आरोपी है। उसने पूरे मामले की रूपरेखा तैयार की थी। जबकि, संजय वर्मा और विवेक साह ने रेकी की है। बदमाशों को यह बताया है कि रवि यादव घटना के समय कहां मौजूद है।
सिटी एसपी ने बताया कि इस मामले में दो ग्रुप बनाकर घटना को अंजाम दिया गया। एक ग्रुप रेकी करने वाले बदमाशों का है और दूसरा समूह घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों का है।
सिटी एसपी ने बताया कि अभी कई बदमाश फरार हैं। इनकी तलाश की जा रही है। सिटी एसपी ने बताया कि आरोपी पड़ोसी राज्यों में फरार हो गए थे। पुलिस को इन आरोपियों को पकड़ने के लिए चार राज्यों में छापेमारी करनी पड़ी।









