देवघर, झारखंड : बिहार में चुनाव की सरगर्मी तेज है और इसका असर बिहार के पड़ोसी जिला देवघर में भी देखने को मिल रहा है। गुरुवार को बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल देवघर से सटे बिहार के कई जिलों का भ्रमण करने के बाद देवघर पहुंचे और देवघर पहुंचने के बाद उन्होंने अपने बयानों से विपक्षी पार्टियों पर जमकर हमला बोला।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने इंडिया गठबंधन के द्वारा बिहार में चलाई जा रही वोटर अधिकार यात्रा पर हमला बोलते हुए कहा कि वोटर वेरिफिकेशन मामले पर राहुल गांधी,एम के स्टालिन,रेवंत रेड्डी,तेजस्वी यादव सहित तमाम विपक्षी पार्टियों के नेता अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं।लेकिन उन्हें नहीं मालूम है कि बिहार के लोगों ने उनके इस यात्रा की हवा निकाल दी है। क्योंकि बिहार के लोगों को पता है कि सरकार का काम विकास करना है और एनडीए की सरकार ने जो विकास की लकीर खींची है।उससे बड़ी लकीर कोई भी गठबंधन या कोई भी राजनीतिक दल नहीं खींच सकती।
उन्होंने देवघर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि एस.आई.आर के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट ने भी संज्ञान लेते हुए यह स्पष्ट कर दिया है कि एक भी मतदाता के साथ अन्याय ना हो इसका विशेष ख्याल रखा जाए। इसको लेकर चुनाव आयोग को भी निर्देशित किया गया है कि एस.आई .आर के माध्यम से लोगों के वोटिंग का अधिकार ना छीना जाए। इसीलिए चुनाव आयोग इस पर गंभीरता से काम कर रहा है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि यदि बिहार के किसी वोटर को लगता है कि उनके साथ अन्याय हो रहा है तो वह एक अक्टूबर तक अपनी शिकायत चुनाव आयोग में कर सकते हैं।
वहीं उन्होंने विपक्ष में बैठे नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कोई भी राजनीतिक दल विकास के मुद्दे पर बात नहीं करना चाहती। किसी भी राजनीतिक दल को एनडीए गठबंधन के साथ विकास के मुद्दे पर चर्चा करने की हिम्मत नहीं है।इसीलिए वह वोटर अधिकार यात्रा के माध्यम से लोगों को दिग्भ्रमित करना चाहते हैं।
बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि लोगों को पता है कि बिहार में पहले सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य की व्यवस्था राम भरोसे थी लेकिन जब से एनडीए की सरकार आई है तब से बिहार में बड़े-बड़े सड़के और बिजली की व्यवस्था दुरुस्त हुई है।उन्होंने कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों को रियायत देते हुए 150 यूनिट बिजली भी मुफ्त कर दिया है।जिसका असर आने वाले चुनाव में भी देखने को मिलेगा।
इसके अलावा भी पिछले दो दशक में एनडीए सरकार ने बिहार में विकास की बहार लाने का काम किया है। जिससे लोग काफी संतुष्ट हैं।लोगों में कहीं से भी इनकंबेंसी जैसी कोई फीलिंग नहीं है। सिर्फ विपक्ष के नेताओं में इनकंबेंसी की फीलिंग है।जनता एक बार फिर बिहार में नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाह रही है।
गौरतलब है कि अगले कुछ महीनो में बिहार में चुनाव होना है और इसको लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां चुनाव की तैयारी में जुट गई है। चुनावी दौरा के दौरान ही बिहार के भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल देवघर से सटे बिहार के कई जिलों का दौरा किया और दौरा करने के बाद वह देवघर में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा भी की।
Author: Desh Live News



