पलामू, झारखंड : पलामू जिले के पांकी थाना रोड स्थित निजी क्लीनिक सोमी सेवा सदन में ऑपरेशन के बाद एक महिला पूनम देवी की मौत हो गई। महिला की मौत होने के बाद सोमी सेवा सदन के डॉक्टर एचएन झा के द्वारा उनके परिजनों को गंभीर स्थिति का हवाला देकर आनन फानन में निजी गाड़ी से डालटेनगंज भेज दिया, और उसके बाद डॉ एचएन झा क्लीनिक बंद कर फरार हो गए।
घटना के गुस्साए लोगों ने शनिवार की देर रात से ही पांकी-बालूमाथ मुख्य सड़क जाम कर दिया है। सड़क जाम होने से दो किलो मीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई है। 12 घंटे से सड़क जाम हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा सड़क जाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन मृतका के परिजन और आक्रोशित लोगों द्वारा दोषी डॉक्टर को तत्काल गिरफ्तार करने और उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए हैं। 12 घंटे से सड़क जाम लगा हुआ है, जिसे लोगों की परेशानियां काफी बढ़ गई है।
पांकी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता, सिविल सर्जन डॉ अनिल श्रीवास्तव समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि आखिर कब तक निजी क्लीनिक के कारण लोग अपना जान गंवाते रहेंगे। कार्रवाई के नाम पर लीपापोती कर दी जाती है।
पांकी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता ने हाल में ही विधानसभा सत्र में अवैध तरीके से संचालित हो रही निजी क्लीनिक का सवाल उठाए थे। इसके बावजूद भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा निजी क्लिनिको के खिलाफ एक्शन नहीं लिया गया। इसका नतीजा है कि इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही है। हालांकि जिला प्रशासन ने टीम गठित कर सोमी सेवा सदन क्लिनिक को सील कर दिया गया है।
Author: Desh Live News



