रामगढ़: मादक पदार्थ डोडा को छिपा कर ले जा रहे एक ट्रक को मांडू पुलिस ने गुरुवार की शाम प्रखंड मुख्यालय मांडू के पास पकड़ लिया। वहीं ट्रक के चालक परमाइल सिंह और उप चालक रेशम सिंह दोनो को गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद, प्रशिक्षु डीएसपी फैजान अहमद और पुलिस इंस्पेक्टर रजत कुमार मौके पर पहुंचकर कैमरे की निगरानी में जब्त ट्रक को खंगाला। इसमें केमिकल युक्त काले पाउडर की बोरियों के पीछे छिपाकर रखे गए डोडा के आठ बोरियों को जब्त कर लिया। जिसका वजन 1.28 क्विंटल 700 ग्राम पाया गया।
बताया जाता है कि मांडू पुलिस को सूचना मिली कि एक आइसर ट्रक संख्या पीबी 13बीएफ/8675 में रांची की ओर से डोडा लोड होकर हजारीबाग होते हुए पंजाब जा रहा है।
सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार ने थाना गेट के पास बैरियर लगा दिया। तभी पूर्व से घात लगाए पुलिस ट्रक को आता देख उसे पकड़ने के लिए बीस माइल से पीछा करने लगी। तभी मांडू थाना गेट के पास लगे बैरियर को टक्कर मारते हुए ट्रक चालक अपने वाहन को तेज गति से भगाने लगा। मांडू पुलिस प्रखंड मुख्यालय के पास ट्रक को ओवरटेक कर पकड़ लिया गया।
Author: Desh Live News



