घाटशिला: घाटशिला के प्रवासी मजदूर राजेश हाँसदा 20 वर्षीय, ने बेंगलुरु में आत्महत्या कर ली है. घाटशिला प्रखण्ड के भदुआ पंचायत अंतर्गत पुनगोड़ा गाँव में शव पहुँचते ही चीख पुकार मच गई. ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू पुनगोड़ा गाँव पहुँची तथा परिजनों को ढांढस बंधाया.
इस सम्बन्ध में मृतक के बड़े भाई राकेश हांसदा ने जिला परिषद सदस्य को बताया कि बैंगलुरु में छोटे भाई एसोकेट डेको लिमिटेड नामक कंपनी में काम करते थे. छोटा भाई जुलाई माह में ही काम करने गया था. लेकिन 28 अगस्त को अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मेलुर थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर सौंप दिया. विमान से रांची एयरपोर्ट फिर सड़क मार्ग से एम्बुलेंस द्वारा शव पहुँचाया गया है. उन्होंने कहा कि उनका भाई मानसिक तनाव में था. अब परिवार में दादी, माँ व छोटी बहन है. पिता का पहले ही देहांत हो चुका है. माँ उत्क्रमित उच्च विद्यालय पुनगोड़ा में रसोईया का काम करती है. इस मौके पर संजय महाकुड़, दुर्गा दंडपात समेत अनेक ग्रामीणों मौजूद थे.









