रणधीर कुमार सिंह
मुसाबनी
जय हिंद क्लब महिला समिति के सौजन्य से मुसाबनी स्थित जीसीजेड हाई स्कूल के प्रांगण में सावन मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। हरियाली और उमंग से भरे इस आयोजन में क्षेत्र की अनेक महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में भाग लिया और कार्यक्रम को रंगारंग बनाया।
समारोह की शुरुआत मंगलाचरण और मुख्य अतिथि उषा देवी और मनोरमा देवी के द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया लोकगीत, सावन झूला गीत, नृत्य एवं फैशन शो ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की थीम पूरी तरह से “हरियाली तीज” और “सावन की मस्ती” पर केंद्रित थी। इस दौरान महिलाओं ने मेहंदी प्रतियोगिता,अंताक्षरी सावन क्वीन” जैसी गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य संयोजिका आशा कुमार और किरण कुमारी ने बताया कि “इस आयोजन का उद्देश्य आपसी सौहार्द, भाईचारा और सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखना है।

समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही स्वादिष्ट व्यंजनों का भी महिलाओं ने आनंद उठाया।
समारोह का वातावरण उमंग और उल्लास से भरा रहा, जिसमें सावन के गीतों पर थिरकती महिलाओं ने आयोजन को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर उषा देवी,मनोरमा देवी,गुड्डी सिंह,आशा कुमार,प्रतिभा साव,अनुराधा कुमारी,अल्पना सिंह,शीतल शर्मा,कंचन देवी,मंजू देवी,आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रही।
वीडियो में देखें










